प्रयास विद्यालय में पुलिस का ‘सुरक्षा पाठ’ …एक तरफ सड़क के नियम…दूसरी तरफ साइबर क्राइम से बचने के हुनर…

रायपुर । किताबों से निकलकर जब पुलिस क्लासरूम पहुंची, तो पढ़ाई का मकसद ही बदल गया।
पुलिस कमिश्नरेट ने प्रयास विद्यालय, सड्डू में ऐसा कार्यक्रम किया कि 300 बच्चे एक साथ बोल उठे – “अब हम नियम तोड़ेंगे नहीं, दूसरों को भी सिखाएंगे!” मौका था यातायात एवं साइबर जागरूकता महा-अभियान का।
एसीपी सीमा ने कहा घर में आपका इंतजार :-
“यातायात नियम कोई सरकारी फॉर्मेलिटी नहीं है। यह आपके घर में आपका इंतजार कर रहे माता-पिता के लिए है। एक हेलमेट, एक सीट बेल्ट आपकी पूरी जिंदगी बचा सकता है। सड़क सुरक्षा पुलिस की नहीं, हम सबकी जिम्मेदारी है।”
बच्चों ने हर शब्द को तालियों से नहीं, ध्यान से सुना।
दूसरा सत्र और भी खतरनाक था – क्योंकि दुश्मन अब सड़क पर नहीं, मोबाइल में है।
‘साइबर के 5 कभी मत करो’ का मंत्र दिया :-
1. कभी मत करो – अनजान लिंक पर क्लिक
2. कभी मत करो – अपना OTP / पासवर्ड शेयर
3. कभी मत करो – अनजान की फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट
4. कभी मत करो – फ्री गिफ्ट, लॉटरी के लालच में आना
5. हमेशा करो – कुछ भी गलत लगे तो तुरंत 1930 पर कॉल
रंगों से दिया सुरक्षा का संदेश :-
कार्यक्रम में हुई चित्रकला प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने ड्राइंग के जरिए बताया कि एक छोटी सी लापरवाही कैसे बड़ा हादसा बनती है। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।



