Breaking News

निगम प्रशासन के दावे खोखले…विशेष सामान्य सभा में रेणु जयंत साहू ने खोला मोर्चा…कहा भू -माफियाओं के ख़िलाफ़ हो एफआईआर…

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की विशेष सामान्य सभा में लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 51 की पार्षद रेणु जयंत साहू ने अपने वार्ड एवं शहर से जुड़े कई गंभीर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि नगर निगम विकास के बड़े-बड़े दावे तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है।

समाधान नहीं तो होगा आंदोलन :-

पार्षद रेणु जयंत साहू ने सबसे पहले वार्ड के लाभांडी, सूरज नगर एवं ब्रह्मदेव नगर में व्याप्त भीषण पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में पावर पम्प 15 से 20 दिनों तक खराब पड़ा रहा, जिससे हजारों लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि टैंकर व्यवस्था भी पूरी तरह विफल रही और गरीब परिवार घंटों पानी का इंतजार करने को मजबूर रहे। उन्होंने मांग की कि जिन क्षेत्रों में लगातार जल संकट बना रहता है, वहां तत्काल गहरे बोरवेल, अतिरिक्त पम्प एवं खराब पम्पों की त्वरित मरम्मत की स्थायी व्यवस्था की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो जनता के साथ सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा।

ज़िम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही :-

सभा में उन्होंने सेरीखेड़ी खार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रही अवैध प्लाटिंग और निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भले ही अवैध प्लाटिंग ग्राम पंचायत क्षेत्र में हो रही है, लेकिन वहां जाने का एकमात्र रास्ता नगर निगम क्षेत्र से होकर जाता है। भविष्य में वहां बसने वाले लोग सड़क, नाली, पानी और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं का दबाव नगर निगम पर बनाएंगे, जिससे निगम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने भू-माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा नगर निगम सीमा तक स्थायी अवरोधक लगाकर अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

अवैध  क़ब्ज़ा का मामला :-

पार्षद ने लाभांडी स्थित शासकीय भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा किए गए अवैध कब्जे का मामला भी सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि हल्का नंबर 65 एवं खसरा क्रमांक 417/6 की शासकीय भूमि पर जबरन कब्जा कर बाउंड्रीवाल का निर्माण कर लिया गया है तथा विरोध करने वाले स्थानीय नागरिकों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि शासकीय भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो तथा वार्ड की सभी शासकीय भूमि का सर्वे कर विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने वार्ड में लगातार बढ़ रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई लोग स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कर शासकीय भूमि एवं सड़कों तक पर कब्जा कर रहे हैं। इससे यातायात बाधित हो रहा है तथा भविष्य के विकास कार्य प्रभावित होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बाद केवल औपचारिक नोटिस जारी कर कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी जाती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच समिति गठित करने की मांग की।

सफ़ाई व्यवस्था में भारी लापरवाही :-

सभा में पार्षद रेणु जयंत साहू ने वार्ड की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर भी निगम प्रशासन और रामकी कचरा अपशिष्ट प्रबंधन कंपनी की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में 10 से 15 दिनों तक घरों से कचरा संग्रहण नहीं किया जाता, जिसके कारण लोग मजबूरी में कचरा नालियों और खाली स्थानों पर फेंक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से पैसे लेकर नियमित कचरा उठाती है, जबकि आम नागरिकों की अनदेखी की जाती है। उन्होंने नालियों से निकाले गए कचरे का समय पर उठाव नहीं होने, मृत पशुओं के कई दिनों तक नहीं हटाए जाने तथा सफाई व्यवस्था में भारी लापरवाही का मुद्दा भी उठाया।

उच्च स्तरीय जांच की मांग :-

उन्होंने मांग की कि रामकी कचरा अपशिष्ट प्रबंधन कंपनी की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा वार्ड में नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नालियों की समयबद्ध सफाई, निकाले गए कचरे का तत्काल उठाव एवं मृत पशुओं के त्वरित निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पार्षद रेणु जयंत साहू ने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल राजनीति नहीं, बल्कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि नगर निगम प्रशासन ने इन गंभीर मुद्दों पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध समाधान चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button