अपराधियों के हौसले बुलंद…24 घंटे गश्त की मांग…नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन…

रायपुर 06 सितंबर । राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर, डबरी पारा में बेखौफ अपराधियों के आतंक से जनता दहशत में है। लगातार हो रही हत्या, चाकूबाजी और डबरी पारा की ताजा वारदात ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर (पूर्व सदस्य, छ.ग. श्रम कल्याण मंडल) ने कहा – “यह घनी आबादी वाला रिहायशी इलाका अब असामाजिक तत्वों का गढ़ बन गया है। अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। दिनदहाड़े चाकूबाजी हो रही है, आम नागरिक, व्यापारी, महिला-बुजुर्ग घर से निकलने में डर रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि अंदरूनी मोहल्लों में अवैध नशा, गांजा-शराब की खुलेआम बिक्री और अड्डेबाजी के कारण रोज खूनी संघर्ष हो रहा है।
मनोज ठाकुर की 3 प्रमुख मांगें:-
1. 24×7 सघन गश्त: कुशालपुर, डबरी पारा, पुरानी बस्ती की हर संवेदनशील गली में तत्काल पैदल और वाहन पेट्रोलिंग शुरू हो।
2. अवैध अड्डों पर बुलडोजर: नशा, अवैध शराब के ठिकानों को चिन्हित कर ध्वस्त किया जाए।
3. गुंडों पर शिकंजा: आदतन चाकूबाजों, गुंडा तत्वों को सूचीबद्ध कर गैर-जमानती धाराओं में जेल भेजा जाए।
ठाकुर ने चेतावनी दी कि अगर 48 घंटे में व्यवस्था नहीं सुधरी तो क्षेत्रवासियों के साथ सड़क पर उतरकर जन-आंदोलन किया जाएगा।



