राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर ABVP का …ऑल इंडिया पार्टी मीट…लोकतांत्रिक मूल्यों पर हुई सार्थक चर्चा…
रायपुर, 14 जुलाई । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर मंगलवार को ऑल इंडिया पार्टी मीट – AIPM का आयोजन किया गया। कन्वेंशन हॉल, सर्किट हाउस, सिविल लाइंस में हुए इस कार्यक्रम में 67 विद्यार्थियों ने संसदीय शैली में विभिन्न राजनीतिक दलों की भूमिका निभाई, जबकि 50 से अधिक विद्यार्थी दर्शक के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपरा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर रहे। मुख्य वक्ता के रूप में अभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फूटाने उपस्थित रहे। मंच पर डॉ. अनुज शुक्ला, सुजल गुप्ता और हर्षित कौर भी मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा, “युवावस्था में अभाविप का कार्य करने वाले कार्यकर्ता के मन में जीवन भर राष्ट्र प्रथम का भाव और समाज सेवा का संकल्प जीवित रहता है। 1949 से आज तक परिषद ने न केवल छात्रहित के मुद्दे उठाए हैं, बल्कि राष्ट्र के समक्ष आने वाली दीर्घकालिक चुनौतियों पर समाज में जनजागरण का कार्य किया है।”
मुख्य वक्ता प्रथम राव फूटाने ने कहा कि “भारत हमारी माँ है और हम पुत्र की भाँति सभी देशवासियों की सेवा करेंगे” इसी संकल्प के साथ 9 जुलाई 1949 को अभाविप की स्थापना हुई थी। अभाविप केवल छात्र समस्याओं तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। परिषद मिशन साहसी के माध्यम से लाखों छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दे चुकी है और SEIL के माध्यम से पूर्वोत्तर और शेष भारत के बीच सांस्कृतिक एकता को मजबूत कर रही है।
AIPM में इस वर्ष “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” और “परिसीमन विधेयक 2026” विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने तथ्यों और तार्किक दृष्टिकोण के साथ पक्ष-विपक्ष में अपने विचार रखे।
इनको मिला पुरस्कार:-
मॉक पार्लियामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार 3,500 रुपये शौर्य शर्मा – राहुल गांधी की भूमिका और अबीर जैन – सी. जोसेफ विजय को, द्वितीय पुरस्कार 2,500 रुपये एकाग्र जैन – अमित शाह और धवल शाह – शशि थरूर को तथा तृतीय पुरस्कार 3,000 रुपये किंजल पांडिया – महुआ मोइत्रा की भूमिका के लिए दिया गया।
संसद अध्यक्ष की भूमिका अन्वित दीक्षित ने निभाई, सहयोगी के रूप में दिव्या माहेश्वरी, देव बर्मन और देवाशीष पटेल रहे।
कार्यक्रम में अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य यज्ञदत्त वर्मा, प्रांत कार्यालय मंत्री दुष्यंत साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और विद्यार्थी उपस्थित रहे




