Breaking News

अभाविप ने 120 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित… ‘जॉब सीकर नहीं, जॉब मेकर बनें’ का दिया मंत्र …

रायपुर, 23 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर बुधवार को टिम्बर भवन, सेक्टर-03, देवेंद्र नगर में “नवदीप सम्मान समारोह 2.0” का भव्य आयोजन किया।

समारोह में सत्र 2025-26 की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में अपने-अपने विद्यालयों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 120 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंजनेय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अभिषेक अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवाओं को सिर्फ जॉब सीकर बनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जॉब मेकर बनने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और आधुनिक तकनीकों से डरने के बजाय इन्हें अवसर के रूप में देखना चाहिए।

अभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन मंत्री निलेश कटारे ने कहा कि युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विद्यार्थी अपने ज्ञान, क्षमता और संस्कारों का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें और भारत माता की सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाएं।

समारोह में स्वामी आत्मानंद स्कूल, फाफाडीह की छात्रा शिफत परवीन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। शिफत ने 12वीं बोर्ड में 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया है।

मंच पर अभाविप रायपुर उत्तर जिला छात्रा प्रमुख किंजल पांडिया, भाग मंत्री राहुल यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिव्या माहेश्वरी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश सह मंत्री प्रथम फुटाने, प्रदेश कार्यालय मंत्री दुष्यंत साहू, छात्र विस्तारक पायल राजपूत, उत्तर जिला संयोजक संकल्प राजकमल सहित अनिकेत, आयुष, दर्शन, वैभव, मोहक व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button