PRSU में रिजल्ट कांड… 103 में 94 फेल! ABVP ने घेरा विश्वविद्यालय…

रायपुर,7 सितंबर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) का परीक्षा परिणाम एक बार फिर विवादों में है। राजीव पांडेय महाविद्यालय, भांटागांव के B.Com द्वितीय सेमेस्टर के बिजनेस अकाउंटिंग विषय में कुल 103 विद्यार्थियों में से 94 विद्यार्थियों को ATKT दिए जाने के विरोध में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विश्वविद्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
भविष्य के साथ खिलवाड़ :-
ABVP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक ही विषय में इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का फेल होना सामान्य बात नहीं है। इससे सीधे तौर पर विश्वविद्यालय की मूल्यांकन प्रक्रिया और परीक्षा परिणाम की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। परिषद ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।
छात्रों को न्याय मिल सके :-
प्रदर्शन के दौरान ABVP ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि प्रभावित सभी 94 विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की निष्पक्ष रूप से पुनः जाँच कराई जाए, ताकि मूल्यांकन में हुई किसी भी त्रुटि को सुधारा जा सके और छात्रों को न्याय मिल सके। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर महोदय मौके पर पहुंचे और उन्होंने ABVP प्रतिनिधियों व विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि सभी संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जाँच कराई जाएगी।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं :-
इस अवसर पर ABVP महानगर मंत्री सुजल गुप्ता ने कहा, “विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े विषयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब एक ही कॉलेज, एक ही विषय में 94 छात्र ATKT होते हैं तो यह जांच का विषय है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी ही चाहिए। विद्यार्थियों को न्याय दिलाने तक ABVP उनके साथ खड़ी रहेगी।”



