एक मोबाइल फोटो और दो चाकूबाज सलाखों के पीछे… पुलिस का फिल्मी एक्शन… वेस्ट जोन में ताबड़तोड़ एक्शन…

रायपुर, 28 अगस्त । राजधानी में सार्वजनिक स्थान पर अवैध हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट रायपुर (वेस्ट जोन) ने त्वरित कार्यवाही की है। थाना आजाद चौक पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाही में 02 आरोपियों को धारदार बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।
धारदार चाकू लेकर :-
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 27. अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि आमातालाब गार्डन में एक युवक धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना पर तत्काल पहुंची आजाद चौक पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी टिकेन्द्र साहू उर्फ टेसू (उम्र 22 वर्ष, निवासी आजाद चौक) को रंगे हाथ पकड़ा। उसके कब्जे से 01 नग बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 197/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मोबाइल फोटो से दूसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस :-
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी टिकेन्द्र के मोबाइल की तकनीकी जांच की। जांच के दौरान उसके फोन में एक अन्य व्यक्ति की चाकू के साथ फोटो मिली। इस डिजिटल सुराग को आधार बनाकर पुलिस ने पतासाजी शुरू की।
अंजाम देने से पहले ट्रेस :-
तकनीकी विश्लेषण से दूसरे आरोपी की पहचान डगेश्वर कुर्रे उर्फ हेमू (उम्र 29 वर्ष, निवासी मुजगहन) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे भी किसी वारदात को अंजाम देने से पहले ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भी 01 नग बटनदार चाकू जप्त किया गया। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 198/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्वरित स्पॉट-रिस्पॉन्स और डिजिटल साक्ष्य के विश्लेषण से दोनों आरोपियों को हथियार के दुरुपयोग से पहले ही दबोच लिया गया, जिससे एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई।



