त्योहारी सीजन से पहले…नॉर्थ जोन में 83 वारंट तामील…

रायपुर, 24 अगस्त l आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई की है। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चलाए गए विशेष वारंट अभियान में कुल 83 वारंटों का निष्पादन किया गया है, जिसमें 44 गिरफ्तारी वारंट और 39 स्थायी वारंट शामिल हैं।
यह अभियान पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के नेतृत्व में चलाया गया। एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में सभी थाना प्रभारियों की टीम ने एक साथ कार्रवाई की।
थाना-वार कार्रवाई का विवरण:-
1) थाना खमतराई – 20 गिरफ्तारी + 09 स्थायी = कुल 29 वारंट
2) थाना पंडरी – 19 स्थायी वारंट
3) थाना गुढ़ियारी – 11 गिरफ्तारी + 02 स्थायी = कुल 13 वारंट
4) थाना खम्हारडीह – 08 गिरफ्तारी + 04 स्थायी = कुल 12 वारंट
5) थाना उरला – 05 गिरफ्तारी + 05 स्थायी = कुल 10 वारंट
पुलिस का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना, लंबित न्यायालयीन वारंटों का त्वरित निष्पादन करना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
नॉर्थ जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों पर निगरानी और वारंट तामीली की यह प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




