छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की बड़ी कार्रवाई… प्लेसमेंट एजेंसी की 10 लाख की सुरक्षा निधि जब्त… एजेंसी ब्लैकलिस्ट

रायपुर । छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने प्लेसमेंट एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई की है।
मंडल ने मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस, राजनांदगांव की 10 लाख रुपये की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जब्त करते हुए एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
एजेंसी पर आरोप है कि उसने मंडल मुख्यालय में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन से 5 महीने तक सुरक्षा निधि के नाम पर अवैध कटौती की और मंडल से प्राप्त राशि से कम वेतन का भुगतान किया। कर्मचारियों की शिकायत पर हुई जांच और बैंक खातों की जांच में आरोप सही पाए गए। नोटिस के जवाब में एजेंसी ने खुद कटौती की बात स्वीकार की है।
यह अनुबंध 1 जुलाई 2023 को नया रायपुर विकास प्राधिकरण, हाउसिंग बोर्ड और पर्यावरण संरक्षण मंडल की संयुक्त निविदा के तहत हुआ था, जिसकी अवधि मार्च 2026 में समाप्त हो चुकी है।
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा है कि प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन, EPF, ESIC जैसे वैधानिक लाभों में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




