टैक्स पूरा, तो सड़क अधूरी क्यों?…, रायपुर की गड्ढा-राज पर अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर का हमला…

रायपुर, 28 अगस्त:। बारिश के बाद राजधानी रायपुर की सड़कों की बदहाली पर अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने नगर निगम, PWD और निर्माण एजेंसियों को घेरा है।
उन्होंने कहा कि जनता पूरा प्रॉपर्टी टैक्स, यूजर चार्ज और रोड सेस देती है, लेकिन बदले में टूटी सड़कें, जानलेवा गड्ढे और जलभराव मिल रहा है। मुख्य मार्गों से लेकर कॉलोनियों तक डामर कुछ महीनों में ही उखड़ गया है, जो घटिया निर्माण और लापरवाही को साबित करता है।
ठाकुर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के अनुसार सुरक्षित और गड्ढा-मुक्त सड़क नागरिक का अनुच्छेद-21 के तहत मौलिक अधिकार है। निगम द्वारा गड्ढों में गिट्टी-मलबा डालना सिर्फ खानापूर्ति है, जिससे रोज हादसे हो रहे हैं।
प्रमुख मांगें:
1. सभी मुख्य और कॉलोनी की सड़कों का तत्काल मानक डामरीकरण हो।
2. घटिया काम करने वाले ठेकेदारों और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई व जवाबदेही तय हो।
3. जलभराव वाले क्षेत्रों में सीवरेज-ड्रेनेज की युद्धस्तर पर सफाई हो।



